<p style=”text-align: justify;”>भदोही की औराई पुलिस ने एक संगठित अपराधी गिरोह के तीन सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसा है. यह गिरोह पिछले लंबे समय से जिले में चोरी, लूट और धोखाधड़ी जैसी वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. पुलिस ने अपराधियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है.
<p style=”text-align: justify;”>क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, इस गिरोह का सरगना कुशीनगर का रहने वाला पंकज राव है. यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से बैंक से पैसा निकालने वाले लोगों की रेकी करता था. बीते 17 फरवरी को इन बदमाशों ने औराई के जयरामपुर इलाके में एक बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया था. बैंक से 49,000 रुपये निकालकर जा रहे बुजुर्ग से घोसिया ओवरब्रिज के पास इन बदमाशों ने दिनदहाड़े पैसे छीन लिए थे और फरार हो गए थे.
<h3 style=”text-align: justify;”>मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा
<p style=”text-align: justify;”>बताया गया कि पुलिस ने इन अपराधियों को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया, जिनके पास से लूट के 8,000 रुपये बरामद हुए थे. इस गिरोह में पंकज राव के साथ सर्वेश सिंह और सकलेन नाम के अपराधी शामिल हैं. ये तीनों ही कुशीनगर जनपद के रहने वाले हैं और इनका एक संगठित नेटवर्क है, जो आर्थिक लाभ के लिए जघन्य वारदातों को अंजाम देता है.
<h3 style=”text-align: justify;”>इलाके में था दहशत का माहौल
<p style=”text-align: justify;”>राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, इस गिरोह का खौफ इतना था कि समाज का कोई भी व्यक्ति इनके खिलाफ गवाही देने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था. ये अपराधी अवैध तरीके से कमाए गए धन से अपना और अपने परिवार का जीवन यापन कर रहे थे. औराई पुलिस ने धारा 3(1) गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत केस दर्ज किया है.
<h3 style=”text-align: justify;”>अपराधियों की संपत्ति की जा सकती है कुर्क
<p style=”text-align: justify;”>एसपी त्यागी अभिनव त्यागी ने दो टूक चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. अहम खबर यह है कि गैंगस्टर एक्ट लगने के बाद अब इन अपराधियों द्वारा अवैध रूप से कमाई गई संपत्तियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है, जिसे जल्द ही कुर्क किया जा सकता है.